पत्नी से विवाद के चलते मिस्त्री ने किया सुसाइड:मृतक की बहन ने लगाए भाभी पर आरोप, कहा-मारपीट हुई, चेहरे-पैर पर चोट के निशान
इंदौर के द्वारकापुरी में रहने वाले एक मिस्त्री ने फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात उसके ससुराल के लोगों ने मिस्त्री की बहन और जीजा को जानकारी दी। बहन का आरोप है कि पत्नी आए दिन विवाद करती थी। उन्होंने चेहरे पर मारपीट के निशान होने की बात कही है। मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव जिला अस्पताल में छोड़कर चले गए। द्वारकापुरी इलाके में रहने वाले अजय पुत्र दयाराम मोरे को देर रात करीब 11 बजे बाइक से ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। रात करीब 2 बजे पत्नी रेखा ने अजय की बहन सुनीता को कॉल कर बताया कि पति ने फांसी लगा ली। इसके बाद परिजन घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। मोबाइल पर बात करने पर पता चला कि रेखा दो बेटियों को लेकर मायके चली गई है। बहन सुनीता पाटिल ने आरोप लगाया है कि पत्नी रेखा उनके भाई से आए दिन विवाद करती थी। वह उसे ठीक से खाना पीना भी नहीं देती थी। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। वहीं दोनों पैर पर भी चोट के निशान हैं। बताया जाता है कि फांसी के बाद अजय को बाइक पर बीच में बैठाकर अस्पताल लेकर आया गया था। जिसमें उसके पैर सड़क पर घिसटा गए। जिससे उसके पैरों पर निशान बने हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जिसमें मृतक की बहन के आरोपों को भी शामिल किया है।
