10 साल बाद फिर बना मध्य प्रदेश नेशनल चैंपियन, अनूपपुर के खिलाड़ियों ने दिलाए पदक

Nov 22, 2026 - 20:21
 0  3
10 साल बाद फिर बना मध्य प्रदेश नेशनल चैंपियन, अनूपपुर के खिलाड़ियों ने दिलाए पदक

अनूपपुर। खेल जगत में मध्य प्रदेश ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन का लोहा मनवाया है। कूडो मार्शल आर्ट की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश ने 10 साल बाद फिर से नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक सफलता में अनूपपुर जिले के खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 से 19 नवंबर तक 17वीं कूडो राष्ट्रीय प्रतियोगिता, 7वीं कूडो फेडरेशन कप एवं 18वें अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मध्य प्रदेश के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे कूडो संगठन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज खान एवं सचिव हरिकांत तिवारी का कुशल मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा। इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड फिल्म स्टार अक्षय कुमार एवं भूमि पेडनेकर उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अनूपपुर जिले के कुल 15 खिलाड़ियों ने भागीदारी निभाई। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को दो स्वर्ण एवं तीन कांस्य पदक दिलाए। स्वर्ण पदक विजेता: - अपूर्वा शर्मा - श्रेया गुप्ता कांस्य पदक विजेता: - भारती मार्को - अनुराज गुप्ता - मान्य रायदास इसके अलावा प्रतियोगिता में शिवानी केसरवानी, शिवम सिंह राठौर, सारांश मिश्रा, वंदना राठौर, अभिगिल एलिजा जोसेफ, साधना आर्मो, अरमान सिंह राठौर, आयुष सिंह एवं अंकित सिंह राठौड़ ने भी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अनूपपुर जिले की इस टीम का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन सेंसाई श्रेया गुप्ता एवं सेंसाई शिवानी केसरवानी द्वारा किया गया। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश का नेशनल चैंपियन बनना और अनूपपुर के खिलाड़ियों का पदक जीतना जिले के लिए गर्व का विषय है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी मार्शल आर्ट एवं खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अनूपपुर के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह साबित कर दिया कि छोटे जिले के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

मनीष शुक्ला प्रधान सम्पादक मनीष शुक्ला