बारिश में त्रिपाल के नीचे करना पड़ा अंतिम संस्कार:सिवनी के गोसाई खमरिया गांव में श्मशान घाट में शेड नहीं, ग्रामीण परेशान
सिवनी जिले के लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में स्थित गोसाई खमरिया गांव के श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं का अभाव सामने आया है। यहां एक सेन समाज के युवक की हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई। बारिश के दौरान उनका अंतिम संस्कार करना था। श्मशान घाट में छत नहीं होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों को त्रिपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। श्मशान घाट में लोहे का ढांचा तो बना हुआ है, लेकिन उस पर टीन शेड नहीं लगाया गया है। इस कारण बरसात के मौसम में लोगों को अंतिम संस्कार में परेशानी का सामना करना पड़ता है। मध्य प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन को दी गई है। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण श्मशान घाट जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
