शाजापुर में CCTV में जंगली जानवर साही दिखा:कुत्तों ने दौड़कर पकड़ने की कोशिश की, वन विभाग की टीम कर रही तलाश
शाजापुर शहर के काशीनगर इलाके में जंगली जानवर साही को सीसीटीवी कैमरे में शुक्रवार रात देखा गया है। कुत्तों ने इसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। साही, जिसे अंग्रेजी में पोरक्युपाइन कहा जाता है, आमतौर पर शाजापुर के नेहरू स्मृति वन और उसके आसपास के क्षेत्रों में पाया जाता है। यह पहली बार है जब शहरी क्षेत्र में इसे देखा गया हो। जानवर की तलाश कर रही वन विभाग की टीम डिप्टी रेंजर अशोक बघेल ने बताया कि साही के शरीर पर नुकीले कांटे होते हैं। खतरा महसूस होने पर यह अपने कांटों को फैलाकर दुश्मन पर हमला करता है। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि इस जानवर को मासूम समझकर छूने की गलती न करें। जिस इलाके में यह दिखा है वहां पर टीम भिजवा कर इसकी तलाश करवाएंगे। बघेल ने आगे बताया कि हालांकि साही के कांटे जहरीले नहीं होते, लेकिन ये बेहद खतरनाक हो सकते हैं। मनुष्यों के शरीर से इन कांटों को निकाला जा सकता है। लेकिन अगर किसी जानवर पर हमला हो जाए, तो कांटे नहीं निकाले जा सकते और धीरे-धीरे उनकी मृत्यु हो सकती है।
