डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत:नीमच में परिजनों ने किया चक्का जाम, पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद शुरू हुआ आवागमन
नीमच जिले के कुकड़ेश्वर नगर में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। दरअसल मनासा-रामपुरा मार्ग स्थिति हाड़ी पिपलिया गांव के पास सोमवार देर शाम एक डंपर ने बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार कर कुचल दिया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भरत (40) पिता बगदीराम मेघवाल जावद तहसील के गांव सरवानिया महाराज में रह रहा था। वह कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के गांव कड़ी बुजुर्ग निवासी था। सोमवार शाम को कड़ी बुजुर्ग से वह सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। तब उसे डंपर ने टक्कर मार दी। मृतक के शव का मंगलवार सुबह मनासा के शासकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम किया गया। सूचना पर एसडीओपी विमलेश उईके, थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर आर सी डांगी और नायब तहसीलदार नवीन चलौटिया पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। उन्होंने नियमानुसार आर्थिक सहायता का आश्वासन देखकर चक्का जाम खत्म करवाया। परिजनों का कहना है कि मौत के लिए जिम्मेदार डंपर जोकि जल जीवन मिशन अंतर्गत काम में लगा हुआ है। उस कंपनी से एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए। तात्कालिक सहायता के रूप में कंपनी की ओर से 50 हजार और प्रशासन की ओर से 15 हजार की आर्थिक सहायता दिए जाने का भरोसा मिलने पर चक्का जाम खत्म हुआ।नीमच एसडीओपी विमलेश उईके ने बताया कि चक्का जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को समझाइए दी गई है। साथ ही नियमानुसार आर्थिक सहायता का भरोसा दिया गया है। ग्रामीणों ने चक्का जाम खत्म कर दिया है। मामले में डंपर को जब्त कर थाने पर खड़ा किया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
