दमोह में पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने किया गाय पूजन:कहा-संतों के मुताबिक दीपावली से पहले गो-पूजन शुभ होता है
दमोह में मध्य प्रदेश के पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल ने दीपावली की सुबह अपने सरकारी आवास पर गाय का पूजन किया। यह पूजन पूरे विधि-विधान से ब्राह्मणों के मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान उनके कई समर्थक और सहयोगी भी मौजूद थे। मंत्री पटेल ने गाय पूजन के महत्व पर कहा कि संतों का संदेश है कि दीपावली के दिन मुख्य पूजन से पहले गाय का पूजन शुभ होता है। उन्होंने बताया कि इसी मान्यता के चलते उन्होंने गो-पूजन किया है। मंत्री बोले- दो दिनों तक गाय पूजन और गोवर्धन पूजा होगी मंत्री पटेल ने यह भी बताया कि इस बार पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर दो दिनों तक गाय पूजन और गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मंत्री पटेल ने सभी प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके घरों में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने स्वदेशी के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि देश आत्मनिर्भर भारत बन सके।
