नीमच में शिव महापुराण में बोले-कथावाचक:बाथरूम में स्नान के दौरान हर-हर गंगे का स्मरण करने से मिलेगा गंगा स्नान का पुण्य
नीमच के रामनगर-कराड़िया महाराज स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास पंडित जीवन कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं को एक विशेष जानकारी साझा की। पंडित शास्त्री ने बताया कि घर के बाथरूम में स्नान करते समय 'हर-हर गंगे' का स्मरण करने से गंगा स्नान का पुण्य प्राप्त होता है। यह स्मरण 1200 किलोमीटर की दूरी तक गंगा स्नान का फल देता है। उन्होंने बताया कि एक योजन चार कोस का होता है और चार योजन बारह किलोमीटर के बराबर होते हैं। कथा का आयोजन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक होता है। कथा पंडाल में भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्तियों का पूजन किया गया। गर्मी के मौसम में भी श्रद्धालुओं की अच्छी उपस्थिति देखी जा रही है। आसपास के गांवों से भी लोग कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। कथा में प्रतिदिन धार्मिक प्रसंगों पर आधारित स्वांग प्रस्तुत किए जा रहे हैं। पंडित शास्त्री के अनुसार जीवन में एक बार गंगा स्नान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय न मिले तो घर के बाथरूम में गंगा का स्मरण भी पर्याप्त है।
