शाजापुर के गरबा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण, गौ रक्षा टीम ने युवाओं को तिलक लगाया
शाजापुर में नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर में दर्जन से अधिक पंडालों में गरबा आयोजन हो रहे हैं। इनमें नई सड़क स्थित प्रहलाद जिन और कृष्ण परिसर के आयोजन मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रहलाद जिन में दो दिवसीय गरबे का आयोजन है। पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाएं धार्मिक गीतों पर नृत्य करती दिखीं। कृष्ण परिसर का आयोजन 1 अक्टूबर तक चलेगा। देर रात तक श्रद्धालु गरबा कर मां की आराधना कर रहे हैं। उमिया धाम कॉलोनी में पाटीदार समाज ने मां उमिया मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया है। समिति सदस्य जुगल नाहर के अनुसार, इस वर्ष 201 विजेताओं को लकी ड्रा में 11 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें एक कार भी शामिल है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। हिंदू जागरण मंच और गौ रक्षा सेना की टीमें पंडालों पर नजर रख रही हैं। संगठन के पदाधिकारी अनूप किरकिरे ने बताया कि उनकी टीम संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। गौ रक्षा प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा की टीम गरबा पंडालों में आने वाले युवाओं को तिलक लगा रही है। कलेक्टर ऋजु बाफना और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने नवदुर्गा उत्सव पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीएम मनीषा वास्कले और एसडीओपी गोपाल सिंह चौहान भी मौजूद थे।
